Khabar Ganga Kinare Ki
Breaking Newsआकस्मिक समाचारउत्तराखंडटिहरी गढ़वालदिन की कहानीराष्ट्रीयविशेष कवरस्टोरी

अनिश्चितकालीन धरने का 48वाँ दिन, सत्याग्रही जीतराम भट्ट का सत्याग्रह 78वें दिन भी जारी।

टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन जारी

अनिश्चितकालीन धरने का 48वाँ दिन, सत्याग्रही जीतराम भट्ट का सत्याग्रह 78वें दिन भी जारी।

नई टिहरी। टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज 48वें दिन भी जारी रहा। वहीं, वरिष्ठ सत्याग्रही श्री जीतराम भट्ट का सत्याग्रह 78वें दिन भी निरंतर जारी है।

आज क्रमिक अनशन पर टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष टीकम सिंह चौहान एवं दिनेश भट्ट बैठे। आंदोलन को समर्थन देने के लिए सत्याग्रह स्थल पर जीतराम भट्ट, कमल सिंह मेहर, त्रिलोकचंद रमोला, चंदन सिंह रावत, किशोरी लाल चमोली, लक्ष्मण सिंह रावत, भरत सिंह रावत, अब्दुल मारूफ, अनुसूया नौटियाल, राकेश राणा, देवेंद्र नौटियाल, संदीप रावत राहुल बुटोला, शोभन सिंह पवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना पर सरकार तत्काल कार्रवाई करे: राकेश राणा

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष श्री राकेश राणा तथा राज्य आंदोलनकारी श्री देवेंद्र नौटियाल ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जनभावनाओं, क्षेत्र की जरूरतों और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सरकार को बिना किसी भेदभाव के मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में ठोस और समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि टिहरी की जनता लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रही है। अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को धरातल पर निर्णय लेकर निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की इस जायज मांग की अनदेखी जारी रही, तो आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना जवाब देगी।

78वें दिन भी जारी है जीतराम भट्ट का सत्याग्रह

मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर लगातार सत्याग्रह कर रहे श्री जीतराम भट्ट ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर टिहरी की जनता के हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि सत्याग्रह के 78वें दिन भी उनका संघर्ष जारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि बौराड़ी अस्पताल को उच्चीकृत कर 300 बेड का बेस अस्पताल बनाया जाए, इसके लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए तथा मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।

श्री भट्ट ने उम्मीद जताई कि सरकार टिहरी की जनता की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगी।
राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले टिहरी के लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्यों?

नागरिक मंच के वरिष्ठ नेता श्री कमल सिंह मेहर एवं श्री अनुसूया प्रसाद नौटियाल ने कहा कि टिहरी के लोगों ने राष्ट्र निर्माण और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद आज यहां के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

उन्होंने जिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड की सीमित उपलब्धता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि सप्ताह में केवल तीन दिन ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है, तो अन्य दिनों में जांच की आवश्यकता वाले मरीजों को कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता होगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

संयुक्त संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और बौराड़ी अस्पताल को बेस अस्पताल की मांग किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के हितों से जुड़ा विषय है।

आंदोलनकारियों ने सरकार से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जाए, बौराड़ी अस्पताल को 300 बेड का बेस अस्पताल बनाने के लिए वित्तीय स्वीकृति दी जाए तथा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त कमियों को दूर किया जाए।

Related posts

पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ता कमर कस लें* *राकेश राणा।

khabargangakinareki

एन.डी.पी.एस. एक्ट 1985 के अन्तर्गत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न।

ब्रेकिंग:- उत्तरकाशी में यूटिलिटी वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक व्यक्ति लापता एक घायल।

khabargangakinareki

Leave a Comment