Khabar Ganga Kinare Ki
Breaking Newsउत्तराखंडटिहरी गढ़वालदिन की कहानीराजनीतिकविशेष कवरस्टोरी

कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें: जिलाधिकारी यातायात, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: एसएसपी।

कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें: जिलाधिकारी
यातायात, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: एसएसपी
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की उपस्थिति में आगामी 30 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कांवड़ क्षेत्र से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध रूप से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले में प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बृद्धि हो रही है इसको देखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय से पूरी कर लें, उन्होंने चन्द्रभागा एवं खारास्रोत पार्किंग स्थलों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अस्थायी पार्किंग का टेंडर कराया जा चुका है।
सभी पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्किंग की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से चस्पा की जाए तथा पार्किंग पर्ची पर पार्किंग स्थल का नाम एवं संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की समस्याएं होने पर समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र की पार्किंग पर अनावश्यक दबाव न पड़े, इसके लिए देहरादून पुलिस से समन्वय स्थापित कर आईडीपीएल सहित अन्य वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी एवं सफाई व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा राम झूला बंद किए जाने की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को दोनों जनपदों के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए। साथ ही वन वे के रूप में स्तेमाल किये जाने हेतु जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु पर समय से व्यू-कटर लगाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, नगर पालिका मुनिकीरेती एवं नगर पंचायत तपोवन को निर्देश दिए कि कांवड़ क्षेत्र में स्थित सभी विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट पोल एवं अन्य संरचनाओं की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों एवं टावरों की बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उन्होंने सिंचाई विभाग को सभी घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से चेन लगाने एवं पूर्व में स्थापित सुरक्षा उपकरणों की जांच करने के निर्देश दिए। वन विभाग को मार्गों पर आवागमन में बाधा बनने वाले पेड़ों की लॉपिंग एवं चॉपिंग समय से कराने को कहा गया। साथ ही संबंधित विभाग को नीर वाटर फॉल को बंद करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान सभी होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए। उन्होंने नगर निकायों को निर्देशित किया कि रात्रि के समय विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी जाए। अग्निशमन विभाग को सभी अग्निशमन यंत्रों एवं उपकरणों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में देवप्रयाग संगम तथा कीर्तिनगर के नदी क्षेत्र की सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश सम्बन्धितों को दिए गए ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, सीसीटीवी निगरानी तथा भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी पार्किंग स्थलों, घाटों एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) सक्रिय रहें तथा कंट्रोल रूम से सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाने तथा सभी विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांवड़ मेले की अवधि में पुलिस कंट्रोल रूम में विद्युत, पूर्ति, नगर पालिका, नगर पंचायत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का एक-एक कार्मिक तैनात रहेगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों की सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जा सकें और किसी भी समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित वर्चुअल माध्यम से उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर, सीओ नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, अधिशासी अधिकारी तपोवन एवं मुनिकीरेती तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

पुरोला व हर्षिल में पुलिस ने 1-1 वारंटी को किया गिरफ्तार।

khabargangakinareki

कांवड़ यात्रियों का सफर स्वच्छ, सुरक्षित और मंगलमय बनाए ,कांवड़ यात्रा सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए करे कार्य–जिलाधिकारी टिहरी”

khabargangakinareki

देवप्रयाग क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) में स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क, विद्युत, पेयजल, शिक्षा के प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे।

khabargangakinareki

Leave a Comment