तहसील प्रतापनगर व धनोल्टी में सड़क कटान से प्रभावित काश्तकारों के लिए जनसुनवाई शिविर आयोजित*
विभिन्न जनता मिलन कार्यक्रमों में सड़क कटान से प्रभावित काश्तकारों के प्रतिकर भुगतान सम्बन्धी प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिए जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने लोनिवि एवं पीएमजीएसवाई को तहसीलवार जनसुनवाई शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में बुधवार को तहसील प्रतापनगर और धनोल्टी में संबंधित उप जिलाधिकारी/तहसीलदार की उपस्थिति में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए गए।
धनोल्टी तहसील में आयोजित शिविर में लोनिवि से संबंधित एक प्रकरण प्राप्त हुआ। प्रकरण के संबंध में स्थलीय निरीक्षण कर प्रतिकर भुगतान की कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। वहीं पीएमजीएसवाई से संबंधित तीन प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रभावित काश्तकारों को प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
तहसील प्रतापनगर में लोनिवि से संबंधित दो प्रभावित काश्तकारों ने प्रतिकर भुगतान को लेकर लिखित शिकायतें प्रस्तुत कीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए लोनिवि के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर प्रतिकर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य सड़क निर्माण एवं कटान से प्रभावित काश्तकारों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनका शीघ्र निस्तारण करना है।
