जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल में सोमवार, 14 सितंबर को हिंदी दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया ।
इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे विद्यालय प्रांगण में प्रभारी प्राचार्य श्री मोहित कुमार एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और सदन कप्तानों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर दीपिका शाह कक्षा 12वीं की छात्रा ने कविता पाठ किया, अश्मित थपलियाल कक्षा 11वीं के छात्र ने हिंदी भाषा के उद्भव और विकास के बारे में विस्तृत जानकारी दी ।
श्री लोकेश चोपड़ा टीजीटी हिंदी ने माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री का संदेश सभा के समक्ष वाचन किया और कहा कि हम सभी देशवासियों को हिंदी भाषा पर गर्व होना चाहिए ।
प्रभारी प्राचार्य श्री मोहित कुमार ने हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी मातृभावना, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की सशक्त अभिव्यक्ति है।
हिंदी केवल शब्दों और वाक्यों का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संवेदनाओं, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
वहीँ उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी को अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में सम्मानपूर्वक अपनाने तथा हिंदी साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया और हमें सभी भाषाओं का सम्मान करना चाहिए ।
हिंदी भाषा हमारे देश के संस्कारों और संस्कृति का प्रतिबिंब है , विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना, साहित्य और भारतीय अस्मिता को जोड़ने वाली कड़ी है l हिंदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों और भाषाई समुदायों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है ।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए हिंदी के प्रति अपने विचार और भावनाएं व्यक्त की l विद्यार्थियों की अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की lइस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण श्री सत्येंद्र सैनी, श्री अनिल कुमार रावत , श्री के.के. यादव, श्री मोहसिन खान, श्री देवेंद्र सिंह रावत, श्री लखविंदर सिंह , श्री उदित कुमार, श्री बलवंत सिंह, श्रीमती जया सुंदरियाल, श्रीमती नेहा कुमारी, श्रीमती रेनू , श्रीमती प्रिया सहित अन्य शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
